

राजन सिंह चौहान
जनकपुर एमसीबी। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जनकपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने देवगढ़ मेन रोड पर घेराबंदी कर एक युवक को 14 बोतल प्रतिबंधित नशीली सिरप के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
मध्य प्रदेश से लाया था नशा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का नाम सन्नी शर्मा उर्फ निखिल कुमार शर्मा (32 वर्ष) है, जो जनकपुर के संगम चौक का रहने वाला है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी यह नशीली सिरप मध्य प्रदेश के ब्यौहारी इलाके से खरीदकर लाया था और इसे जनकपुर क्षेत्र में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था।
कुल 32 हजार से अधिक का माल जब्त पुलिस ने आरोपी के पास से 1400 एमएल कोडीनयुक्त ‘ओनेरेक्स’ नशीली सिरप बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 2,821 रुपये है। इसके अलावा पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बजाज सीटी 100 बाइक (नंबर CG 29 A 0966) और एक रेडमी मोबाइल भी जब्त किया है। जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत 32,821 रुपये आंकी गई है।
भेजा गया जेल जनकपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। बरामद सिरप को जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा गया है।
यह पूरी कार्रवाई सरगुजा रेंज के आईजी दीपक कुमार झा और एमसीबी एसपी श्रीमती रत्ना सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी कमलेश देवांगन, उपनिरीक्षक जगदेव कुशवाहा और उनकी टीम द्वारा की गई। एमसीबी पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112 पर दें।




