Breaking newsLatest Newsइटावाइटावाउत्तरप्रदेशकानपुरकौशांबीप्रयागराजफतेहपुरलखनऊहोम

खाकी में मानवीय संवेदना: फतेहपुर एसपी के एक फैसले ने जीता 700 महिला पुलिसकर्मियों का दिल

- 6 साल की नौकरी में पहली बार घर पर करवाचौथ मनाने का मिला अवसर - बिना किसी अर्जी के एसपी ने स्वतः लिया ऐतिहासिक फैसला, पूरे प्रदेश में हो रही सराहना

राजन सिंह चौहान editor in chief

फतेहपुर। पुलिस विभाग की सख्त नौकरी और 24 घंटे की चुनौतीपूर्ण ड्यूटी के बीच फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) अभिमन्यु मांगलिक ने एक ऐसा संवेदनशील और ऐतिहासिक फैसला लिया है, जिसने जिले की करीब 700 महिला पुलिसकर्मियों के चेहरों पर दोगुनी मुस्कान ला दी है। एसपी ने करवाचौथ के पवित्र पर्व पर महिला कर्मियों को घर पर रहकर व्रत और त्योहार मनाने के लिए एकमुश्त छुट्टी का अनूठा तोहफा दिया है।

इस राहत की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि महिला कांस्टेबलों से लेकर सब-इंस्पेक्टरों तक को अवकाश के लिए न तो अधिकारियों की चौखट पर अर्जियां लगानी पड़ीं और न ही किसी जटिल प्रशासनिक प्रक्रिया में उलझना पड़ा। एसपी ने खुद आगे बढ़कर उनके पारिवारिक जीवन और धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए यह आदेश जारी किया।

वैकल्पिक सुरक्षा व्यवस्था के साथ लागू हुई अनूठी पहल

जिले के 23 थानों और 40 पुलिस चौकियों पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति में कानून-व्यवस्था पर कोई आंच न आए, इसके लिए एसपी ने पहले ही पुख्ता इंतजाम कर लिए थे। सभी थाना प्रभारियों से उन महिला कर्मियों की सूची मंगवा ली गई थी जो करवाचौथ का व्रत रखना चाहती थीं।

एसपी अभिमन्यु मांगलिक का मानना है कि पुलिस की पेशेवर जिम्मेदारी जितनी जरूरी है, कर्मियों की पारिवारिक और धार्मिक भावनाएं भी उतनी ही महत्वपूर्ण हैं। इससे पूर्व भदोही में तैनाती के दौरान भी उन्होंने ऐसी पहल शुरू की थी, जिसे अब फतेहपुर में भी पूरी भव्यता के साथ लागू किया गया है।

महिला कर्मियों में छाई खुशी की लहर

अचानक मिले इस तोहफे से महिला पुलिसकर्मियों में जबरदस्त उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई है। हाथों में मेहंदी रचाए महिला कांस्टेबल कुमारी ने भावुक होते हुए साझा किया कि अपने 6 साल के सेवाकाल में यह पहला मौका है जब वह करवाचौथ पर घर पर रहकर परिवार के साथ यह पर्व मना सकेंगी, जो उनके लिए किसी लग्जरी से कम नहीं है।

वहीं, कांस्टेबल अमृता सिंह ने बताया कि कठिन ड्यूटी और निर्जला व्रत के साथ फील्ड में धूप व तनाव के बीच काम करना बेहद तकलीफदेह होता था। इस अवकाश के मिलने से अब सभी महिलाकर्मी बिना किसी मानसिक दबाव के उल्लासपूर्वक त्योहार मना पा रही हैं।

कौन हैं आईपीएस अभिमन्यु मांगलिक?

महिला पुलिसकर्मियों के प्रति यह मानवीय दृष्टिकोण रखने वाले 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी अभिमन्यु मांगलिक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के रहने वाले हैं। सिविल सेवा में आने से पहले वह चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) रह चुके हैं और एक मल्टीनेशनल कंपनी में 16 लाख रुपये के सालाना पैकेज पर कार्यरत थे।

फतेहपुर से पहले वह सहारनपुर में एसपी सिटी और भदोही में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अपनी सख्त कार्यशैली और अपराध के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के लिए पहचाने जाने वाले अभिमन्यु मांगलिक अब तक 41 से अधिक पुलिस मुठभेड़ों का नेतृत्व कर चुके हैं, जिसमें वाराणसी में डेढ़ लाख रुपये के इनामी कुख्यात बदमाश का एनकाउंटर भी शामिल है। कर्तव्य की सख्ती और मातहतों के प्रति संवेदनशीलता के इस दुर्लभ तालमेल के चलते उनके इस निर्णय की पूरे उत्तर प्रदेश में चौतरफा सराहना हो रही है।

Related Articles

Back to top button