Breaking newsLatest Newsउत्तरप्रदेशकानपुरकौशांबीप्रयागराजफतेहपुरलखनऊहोम

फतेहपुर में जमीनी खेल का बड़ा पर्दाफाश: हबीबपुर में सरकारी और ‘बागात’ की बेशकीमती जमीन अवैध रूप से निजी हाथों में दर्ज!

पूर्व मंत्री रणवेन्द्र प्रताप सिंह की शिकायत पर प्रशासन की सख्त जाँच में हुआ सनसनीखेज खुलासा; यशराज इन्फ्रासिटी सहित अन्य के नाम पर दर्ज जमीनों को निरस्त कर 'बागात' में दर्ज करने की संस्तुति।

राजन सिंह चौहान

फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में भू-माफियाओं और प्रशासनिक मिलीभगत का एक बड़ा और सनसनीखेज मामला सामने आया है। पूर्व मंत्री रणवेन्द्र प्रताप सिंह की शिकायत पर हरकत में आए राजस्व प्रशासन की जाँच रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है कि हबीबपुर जेल रोड क्षेत्र की करोड़ों रुपए की बेशकीमती जमीनों को नियमों को ताक पर रखकर निजी लोगों और रियल एस्टेट कंपनियों के नाम संक्रमणीय भूमिधर दर्ज कर दिया गया। जाँच आख्या के सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।

क्या है पूरा मामला और मुख्य खुलासा?

राजस्व निरीक्षक/लेखपाल (अशोक कुमार सचन, तहसील सदर) द्वारा प्रस्तुत की गई विस्तृत जाँच रिपोर्ट के अनुसार, राजस्व ग्राम हबीबपुर (परगना, तहसील व जिला फतेहपुर) की वर्तमान गाटा संख्या 249 (कुल क्षेत्रफल 0.3240 हेक्टेयर में से 0.2990 हेक्टेयर) और गाटा संख्या 250 (कुल क्षेत्रफल 3.4993 हेक्टेयर में से 2.9940 हेक्टेयर भूमि) वर्तमान में ‘यशराज इन्फ्रासिटी प्राइवेट लिमिटेड’ (डायरेक्टर अभय प्रताप सिंह आदि) तथा अन्य निजी खातेदारों के नाम संक्रमणीय भूमिधर के रूप में दर्ज है।

लेकिन जब अभिलेखों की तहकीकात की गई, तो पता चला कि सन् 1359 फसली के खतौनी और खसरा अभिलेखों में ये तमाम पुराने नंबर (जैसे 435, 396, 427, 429, 430, 431, 438/2, 539, 540/2, 541, 542, 543, 544, 545, 546, 547, 548, 549 आदि) स्पष्ट रूप से ‘बागात’ (बाग) के जिम्मन 14(4) के अंतर्गत दर्ज थे।

कानूनी नियम और धज्जियाँ: कब और कैसे हुआ खेल?

नियमानुसार, जमींदारी विनाश अधिनियम लागू होने के बाद इस प्रकार की जमीनें सीधे ग्राम सभा या नगर पालिका के खाते में निहित होनी चाहिए थीं। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश कास्तकारी अधिनियम 1939 की धारा 30(1) में यह स्पष्ट रूप से प्रावधानित है कि बाग, तालाब, पशुचर और बंजर जैसी जमीनों पर कभी भी किसी व्यक्ति को ‘संक्रमणीय भूमिधर’ के अधिकार प्राप्त नहीं हो सकते हैं।

जाँच रिपोर्ट में यह भी साफ किया गया है कि बिना किसी सक्षम प्राधिकारी के आदेश या विधिक प्रक्रिया के इन जमीनों को चुपचाप तरीके से निजी रसूखदारों और रियल एस्टेट कंपनियों के नाम चढ़ा दिया गया, जो प्रथम दृष्टया पूरी तरह से अवैध और विधि विरुद्ध है।

जाँच रिपोर्ट की बड़ी संस्तुति: अब वापस होगी जमीन?

पूर्व मंत्री रणवेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा दर्ज कराई गई आपत्ति और उठाई गई माँग के बाद, राजस्व विभाग की इस आधिकारिक जाँच आख्या में संस्तुति दी गई है कि गाटा संख्या 249 और 250 की इन तमाम अवैध प्रविष्टियों को तुरंत निरस्त किया जाए। साथ ही, सन् 1359 फसली के मूल अभिलेखों के आधार पर इस बेशकीमती जमीन को दोबारा ‘बागात’ के खाते में दर्ज किया जाए, जिससे भू-माफियाओं और रियल एस्टेट कारोबारियों को तगड़ा झटका लगा है।

इस खुलासे के बाद अब यह देखना दिलचस्प होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में दोषियों के खिलाफ क्या और कितनी कड़ी कार्रवाई अमल में लाता है।

 

Related Articles

Back to top button