फतेहपुर: फर्जी दस्तावेजों से महाविद्यालय संचालन के मामले में बड़ी कार्रवाई, कोर्ट के आदेश पर मुख्य ट्रस्टी पर FIR
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट संख्या-1, फतेहपुर ने धारा 173(4) बी.एन.एस.एस. के तहत प्रार्थना पत्र किया स्वीकार ठाकुर जययनारायण सिंह मेमोरियल डिग्री कॉलेज, हथगाम के प्रबंधन पर उठे गंभीर सवाल, ट्रस्ट और सोसाइटी अधिनियम के फेरबदल का खेल उजागर सूत्रों के खुलासे से सनसनी: अधिवक्ता संजय सिंह द्वारा बिना वकालतनामा के ऐसे 12 मुकदमे स्वयं दायर करने का मामला भी आया सामने थाना हथगाम पुलिस को मुकदमा दर्ज कर एक सप्ताह के भीतर न्यायालय में रिपोर्ट प्रस्तुत करने का सख्त निर्देश

राजन सिंह चौहान
फतेहपुर। जिले के हथगाम थाना क्षेत्र स्थित एक शिक्षण संस्थान के संचालन और प्रबंधन में बड़े पैमाने पर जालसाजी, कूटसाच्र्य (फर्जी दस्तावेज) तैयार करने और प्रशासनिक तंत्र को गुमराह करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट संख्या-1, फतेहपुर (मो० साजिद-II) ने प्रार्थी एवं अधिवक्ता संजय सिंह द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना पत्र (प्रकीर्ण वाद संख्या-2163/2026) को गंभीरता से स्वीकार करते हुए थाना प्रभारी हथगाम को अभियुक्त के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष विवेचना करने और एक सप्ताह के अंदर न्यायालय में रिपोर्ट भेजने का आदेश दिया है।
क्या है पूरा मामला?
आरोप है कि इस संस्थान का मुख्य न्यासी व प्रबंधक अभय प्रताप सिंह (पुत्र स्व० युगराज सिंह,

जो वर्तमान में जिला पंचायत फतेहपुर के प्रशासक पद पर कार्यरत हैं) क्षेत्र का एक कुख्यात शिक्षा माफिया है। प्रार्थी का आरोप है कि इससे पूर्व भी संबंद्ध पक्षों पर बौद्ध धर्म का अवैध लाभ लेने के आरोप में धारा 420 (आई.पी.सी.) के तहत तलब किया जा चुका है।
ट्रस्ट और सोसाइटी के नाम पर बड़ा गोलमाल
जांच और दस्तावेजों के अवलोकन से यह तथ्य सामने आया कि ‘बाबू युगराज सिंह सेवा संस्थान’ को 1 नवंबर 2011 को राष्ट्रीय अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्था आयोग, नई दिल्ली द्वारा अल्पसंख्यक वर्ग का दर्जा दिया गया था, जिसे आयोग द्वारा 30 जुलाई 2025 को रद्द कर दिया गया।
आरोप है कि अभय प्रताप सिंह द्वारा विभिन्न न्यायालयों और उच्च न्यायालय में अलग-अलग शपथ पत्र देकर हेरफेर किया गया:
एक प्रकरण में बाबू युगराज सिंह सेवा संस्थान के ट्रस्ट अधिनियम 1882 का हवाला दिया गया।
वहीं, ठाकुर जययनारायण सिंह मेमोरियल डिग्री कॉलेज, हथगाम के मामले में ट्रस्ट अधिनियम 1882 के स्थान पर ‘बाबू युगराज सिंह सेवा संस्थान सोसाइटी अधिनियम 1860’ का हवाला देकर इलाहाबाद उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर आदेश पारित कराया गया।
इस प्रकार एक ही संस्था का पता और अधिनियम बदल-बदल कर, अलग-अलग तहसीलों और महाविद्यालयों का संचालन कर एनसीटीई (NCTE) नई दिल्ली तथा राज्य विश्वविद्यालयों को गुमराह किया जा रहा है। फर्जी दस्तावेजों के जरिए मान्यता और संबद्धता हासिल कर शिक्षा संस्थानों की आड़ में सुनियोजित खेल खेला जा रहा है।
सूत्रों का बड़ा खुलासा: बिना वकालतनामा दर्ज मुकदमों पर भी चर्चा
इस हाई-प्रोफाइल मामले के बीच कचहरी परिसर के सूत्रों से यह भी बड़ी जानकारी सामने आई है कि प्रार्थी/अधिवक्ता संजय सिंह द्वारा दस्तावेज दाखिल करते समय शपथ पत्र के माध्यम से विशेष निवेदन किया गया था, जिसे न्यायालय ने स्वीकार करते हुए आदेश पारित किया है। हालांकि, सूत्रों का यह भी दावा है कि अधिवक्ता संजय सिंह द्वारा फतेहपुर कोर्ट में बिना वकालतनामा के इस तरह के लगभग 12 मुकदमे स्वयं व्यक्तिगत तौर पर दायर किए गए हैं, जिसकी कानूनी चर्चा और सुगबुगाहट अब विधिक हलकों में तेज हो गई है।
पुलिस पर उठे सवाल, थाने में नहीं हुई थी सुनवाई
प्रार्थी का कहना है कि उन्होंने इस गंभीर कृत्य के संबंध में जब स्थानीय थाना हथगाम और पुलिस अधीक्षक, फतेहपुर को लिखित शिकायत दी, तो अभय प्रताप सिंह के वर्तमान में जिला पंचायत के प्रशासक पद पर प्रभावशाली होने के कारण थाना पुलिस द्वारा संज्ञेय अपराध की सूचना पर कोई प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं की गई। इसके बाद प्रार्थी ने न्यायहित में माननीय न्यायालय की शरण ली।
माननीय न्यायालय का कड़ा रुख
न्यायालय ने पत्रावली पर उपलब्ध समस्त साक्ष्यों, दस्तावेजों और सर्वोच्च न्यायालय द्वारा प्रतिपादित विधि व्यवस्था (श्रीनिवास गुंड्लुरी बनाम सेप्को इलेक्ट्रिक पावर कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन) का बारीकी से अध्ययन किया। न्यायालय ने पाया कि प्रार्थी द्वारा प्रस्तुत किए गए तथ्यों और साक्ष्यों से प्रथम दृष्टया संज्ञेय अपराध का होना प्रमाणित होता है।
इसके बाद अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 173(4) के तहत प्रार्थना पत्र को स्वीकार करते हुए थानाध्यक्ष हथगाम को तत्काल प्रभाव से मुकदमा पंजीकृत कर नियमानुसार निष्पक्ष विवेचना सुनिश्चित करने तथा एक सप्ताह के भीतर न्यायालय में अनुपालन रिपोर्ट भेजने का कड़ा आदेश दिया है।
इस आदेश के बाद से शिक्षा माफियाओं, प्रशासनिक गलियारों और स्थानीय विधिक हलकों में भारी हलचल मच गई है।




