


राजन सिंह चौहान editor in chief
बिलासपुर।पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के तहत बिलासपुर पुलिस द्वारा बिलासा गुड्डी स्थित चेतना सभा कक्ष में एक विशेष हेल्थ चेकअप कैंप एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के डीजीपी अरुण देव गौतम शामिल हुए। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, संभाग आयुक्त सुनील जैन, कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।
डॉक्टरों से की चर्चा, होनहार बच्चों का किया सम्मान :
डीजीपी अरुण देव गौतम ने स्वास्थ्य जांच शिविर का जायजा लिया और उपस्थित डॉक्टरों से चर्चा की। शिविर में अपोलो अस्पताल के वरिष्ठ विशेषज्ञों एवं जिला मेडिकल टीम ने पुलिसकर्मियों व उनके परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान डीजीपी ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले पुलिस परिवार के मेधावी बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
ईमानदारी से कार्य करने पर बेहतर रहेगी सेहत: DGP :
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीजीपी ने कहा कि पुलिस बल यदि पूरी ईमानदारी और निष्ठा से अपनी ड्यूटी निभाए, तो वह मानसिक और शारीरिक रूप से हमेशा स्वस्थ रहेगा। उन्होंने बीमारियों की समय पर पहचान और त्वरित उपचार के लिए ऐसे शिविरों के निरंतर आयोजन पर बल दिया।
रतनपुर थाना लिया गोद,
पुलिस लाइन का किया निरीक्षण :
प्रशासनिक कसावट और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से डीजीपी ने बिलासपुर के रतनपुर थाने को गोद लेने की घोषणा की, ताकि थाने की सीधी मॉनिटरिंग और सुदृढ़ीकरण हो सके। नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ के विषय पर उन्होंने कहा कि सच्ची निष्ठा और सही सोच के साथ किया गया हर प्रयास सफल होता है।
स्वास्थ्य शिविर के उपरांत डीजीपी ने बिलासपुर पुलिस लाइन का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अमर जवान स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस लाइन अस्पताल और रक्षित केंद्र के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण कर उसकी भव्यता के लिए एसएसपी को शुभकामनाएं दीं और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।




